बिलासपुर, 21 जून 2026। बिलासपुर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा वसंत क्लब, वसंत विहार कॉलोनी बिलासपुर में "एसईसीएल योग महोत्सव 2026" का भव्य आयोजन किया गया। "स्वस्थ आयु के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई, कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) दारला सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
योग सत्र का संचालन ब्रह्मकुमारी गायत्री देवी ने किया,उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा, आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार आयोजित योगाभ्यास के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई, प्रतिभागियों को बताया गया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
इस अवसर पर अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया,
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया,साथ ही नशा मुक्ति की शपथ भी ग्रहण की गई,उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों और इकाइयों में भी योग संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की है।
0 Comments