बिलासपुर 03 जून 2026।बिलासपुर देशभर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों और विभिन्न संगठनों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में बिलासपुर में एनएसयूआई ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के सरकारी आवास का घेराव करने की घोषणा की है। प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मंत्री आवास के आसपास व्यापक स्तर पर बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। संगठन का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होने से विद्यार्थियों का विश्वास डगमगा गया है। इसी के विरोध में संगठन द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के सरकारी आवास का घेराव कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा,एनएसयूआई नेताओं ने कहा है कि उनकी मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए,वहीं प्रशासन का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी,
फिलहाल पूरे शहर की निगाहें एनएसयूआई के प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम पर टिकी हुई हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके और आम जनजीवन प्रभावित न हो सके।
0 Comments