बिलासपुर 26 जून 2026।बिलासपुर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने सफल दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस दौरान संगठन ने व्यापारियों की सुरक्षा, संगठन विस्तार, जागरूकता और व्यापारिक विकास के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। अब संगठन तीसरे वर्ष में नई ऊँचाइयों को छूने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन की दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई,इसमें संगठन विस्तार, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ‘ऑपरेशन गोल्ड’, बीआईएस हॉलमार्क जागरूकता अभियान और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों को प्रदर्शित किया गया,प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में संगठन की लगभग 60 सक्रिय इकाइयाँ थीं, जो अब बढ़कर 125 से अधिक हो चुकी हैं। संगठन का लक्ष्य प्रदेशभर में 251 इकाइयों का गठन कर प्रत्येक सराफा व्यापारी को एक मजबूत मंच से जोड़ना है।उन्होंने बताया कि 28 जून, रविवार को सुबह 10 बजे मंगला स्थित रामदेव लॉन में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा आयोजित होगी, जिसमें प्रदेशभर से करीब 5,000 सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे,
प्रेस वार्ता में ‘ऑपरेशन गोल्ड’ का विशेष उल्लेख किया गया,सरकंडा में हुई डकैती का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने पर बिलासपुर पुलिस की सराहना करते हुए संगठन ने आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी पुलिस टीम का सम्मान कर आभार व्यक्त किया,
संगठन ने रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धियों में बताया, इसके अलावा महासम्मेलन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 के सरलीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि सराफा व्यापारियों को हो रही कानूनी एवं व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान हो सके,
आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी और बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों की सराफा समितियाँ आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई हैं। संगठन का कहना है कि तीसरा वर्ष सराफा व्यापारियों की सुरक्षा, व्यापारिक विकास और संगठनात्मक मजबूती के लिए नई मिसाल साबित होगा।
0 Comments