बिलासपुर 30 मार्च 2026।बिलासपुर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रेस क्लब सदस्य सरफराज मेमन के पुत्र मोहम्मद अल्फाज के इलाज को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने मानवीय संवेदनशीलता और संगठनात्मक एकता की मिसाल पेश की है। जैसे ही हादसे की जानकारी सामने आई, प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजित मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा सहित पूरी कार्यकारिणी और सदस्य सक्रिय हो गए और पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े नजर आए,
मोहम्मद अल्फाज को सिर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज अपोलो अस्पताल में जारी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रेस क्लब ने त्वरित पहल करते हुए हरसंभव सहयोग जुटाने की दिशा में कदम बढ़ाया,इसी क्रम में प्रेस क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल सर्किट हाउस पहुंचा और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु ज्ञापन सौंपा,
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्रकार परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया,इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे, सभी ने एक स्वर में कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज का विषय है।
प्रेस क्लब की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि पत्रकार सिर्फ खबरों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि अपने साथियों के सुख-दुख में भी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ खड़े होते हैं। संकट की इस घड़ी में दिखाई गई एकजुटता न केवल पत्रकार समुदाय के लिए बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।
0 Comments