Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

महर्षि यूनिवर्सिटी में फर्जीवाड़े का आरोप, एनएसयूआई ने कुलसचिव डॉ. विजय गारुडिक के खिलाफ एफआईआर की मांग...



बिलासपुर 16 मार्च 2026 ।बिलासपुर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी एवं महर्षि शिक्षा संस्थान, मंगला के संचालन में गंभीर अनियमितताओं, फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सोमवार को एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन और कुलसचिव डॉ. विजय गारुडिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की,ज्ञापन में रंजीत सिंह ने बताया कि विभिन्न नियामक संस्थाओं और शासकीय विभागों की जांच समितियों की रिपोर्ट में महर्षि यूनिवर्सिटी और महर्षि शिक्षा संस्थान द्वारा नियमों के विपरीत डी.एल.एड. पाठ्यक्रम संचालित करने, एक ही भूमि और भवन में दो संस्थानों के नाम से कोर्स चलाने, आदेशों की अवहेलना करने तथा प्रशासन को भ्रामक जानकारी देने जैसे गंभीर मामलों की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग (CGPURC) ने निजी विश्वविद्यालय अधिनियम 2005 की धारा 41(1) के तहत विश्वविद्यालय को बंद करने या प्रशासक नियुक्त करने की अनुशंसा की है। साथ ही डी.एल.एड. पाठ्यक्रम बंद करने के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं और डीईओ द्वारा डी.एल.एड. अभ्यर्थियों के इंटर्नशिप कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा पिछले तीन वर्षों से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिलने और डी.एल.एड. परिणाम में दो अलग-अलग संस्थानों के प्राचार्य के नाम से एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर सामने आने का मामला भी उठाया गया।
एनएसयूआई ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन ने न्यायालयीन प्रकरण को लेकर प्रशासन के समक्ष भ्रामक जानकारी प्रस्तुत की है, जो न्यायालय की अवमानना के समान है।छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो एनएसयूआई द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।इस दौरान प्रदेश सचिव लोकेश नायक, विक्की यादव, सुमित शुक्ला, शिवांश पाठक, प्रवीण साहू, सुबोध नायक सहित कई छात्र पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments