बिलासपुर 25 मार्च 2026।बिलासपुर शहर के अमलतास कॉलोनी (वार्ड क्रमांक 17) में आज सुबह लगभग 11:30 बजे एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पेड़ों को नगर निगम की टीम द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या वैधानिक नोटिस के जड़ सहित उखाड़ दिया गया,कॉलोनी वासियों का आरोप है कि ये पेड़ सिर्फ हरियाली का हिस्सा नहीं थे, बल्कि उनसे लोगों की भावनाएं और अपने बुजुर्गों की यादें जुड़ी हुई थीं। अचानक निगम की गाड़ी कॉलोनी में पहुंची और देखते ही देखते पेड़ों को काटकर धराशायी कर दिया गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
मौके पर मौजूद नगर निगम की सब इंजीनियर भावना शशि वरवरे पर कॉलोनीवासियों ने मनमानी और असंवेदनशील रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। रहवासियों का कहना है कि बिना किसी चर्चा या कारण बताए इस तरह पेड़ों को उखाड़ना पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है।घटना के विरोध में अमलतास कॉलोनी के निवासियों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और वन विभाग से शिकायत करते हुए पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सिविल लाइन थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
इस विरोध में कई सामाजिक संगठनों ने भी समर्थन दिया, जिनमें यूथ फॉर नेशन की अध्यक्ष प्रतिज्ञा सिंह, स्वयं सिद्धा के चंचल सलूजा, मार्मिक चेतना की अंकिता पांडे, आश्रम निष्ठा वेलफेयर सोसाइटी की अरुणिमा मिश्रा और अमलताश कॉलोनी के अध्यक्ष सुदेश सिरोही,अंतरा चंद्राकार,प्रतिज्ञा सिंह सचिव,मीना हिरानी,मधुबाला अग्रवाल,डॉ राजवीर शिखरवार,निधि सिंह, गुड्डू सिंह,सरिता शर्मा सहित अन्य लोग शामिल रहे,फिलहाल, मामला तूल पकड़ता जा रहा है और प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
0 Comments