बिलासपुर 20 मार्च 2026।बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगराज पारा स्थित प्रभात चौक में आज सुबह के लगभग 6 से 6:30 के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब जायसवाल कबाड़ी के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम से उठती तेज लपटों और घने धुएं को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ समय के लिए स्थिति नियंत्रण से बाहर होती नजर आई। हालांकि, आस पास के लोगों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
मोहल्ले के बीच संचालित यह कबाड़ गोदाम पहले से ही आस पास रहने वालो की चिंता का विषय बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि यहां बड़ी मात्रा में कबाड़ सामग्री जमा की जाती है, जो अत्यधिक ज्वलनशील होती है, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं, न तो आग बुझाने के पर्याप्त उपकरण मौजूद हैं और न ही सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है।
घनी आबादी के बीच स्थित इस गोदाम को लेकर लोगों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की है और इसे हटाने या सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज की घटना ने प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं।
0 Comments