बिलासपुर 20 मार्च 2026।बिलासपुर अवैध ऑनलाइन गेमिंग सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “प्रहार” के तहत बिलासपुर पुलिस की एसीसीयू (सायबर सेल) टीम ने एक बार फिर अपनी तेज़ और सटीक कार्रवाई से बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में संगठित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे इनामी मुख्य आरोपी राजेश उर्फ राजा बजाज को रायपुर से धर दबोचा,आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन एसीसीयू की टेक्निकल सर्विलांस और सटीक इनपुट के आगे उसकी एक नहीं चली,उसके पास से ₹6.90 लाख नगद सहित लाखों रुपये के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के सबूत मिले हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी “रिक्की पैनल” के जरिए Aviator, Wingo, Casino जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सट्टा खिलाते थे। यह गिरोह टेलीग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से देशभर में ग्राहकों को जोड़कर फर्जी सिम और बैंक खातों के जरिए लेन-देन करता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महंगे मोबाइल, लैपटॉप, बैंक दस्तावेज, तीन चारपहिया वाहन समेत करीब ₹45 लाख की संपत्ति जब्त की है। साथ ही रजिस्टरों में दर्ज लाखों के हिसाब-किताब से नेटवर्क के बड़े विस्तार के संकेत मिले हैं।
एसीसीयू की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टा जैसे संगठित अपराधों पर बिलासपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सख्त है। आने वाले समय में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
0 Comments