Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

जल संरक्षण में उत्कृष्ट पहल, एसईसीएल को राष्ट्रीय स्तर पर मिला ‘वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026’...

बिलासपुर 24 मार्च 2026।नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में जल संरक्षण और औद्योगिक जल प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। 23 मार्च 2026 को आयोजित ‘वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026’ के अंतर्गत एसईसीएल को “इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल वाटर मैनेजमेंट एंड स्ट्यूअर्डशिप अवार्ड” प्रदान किया गया। यह सम्मान भारत सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी द्वारा कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र को सौंपा गया।
एसईसीएल को यह प्रतिष्ठित सम्मान खदानों से निकलने वाले पानी के नवाचारपूर्ण और प्रभावी उपयोग के लिए दिया गया है। कंपनी ने खान जल के सदुपयोग की दिशा में एक ऐसी पहल विकसित की है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जल संकट को कम करने के साथ-साथ किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल का सकारात्मक प्रभाव ग्रामीण जीवन पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।
एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने इस उपलब्धि पर कहा कि जल संरक्षण कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है और सतत एवं जिम्मेदार खनन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि खान जल के बेहतर उपयोग से न केवल संसाधनों का संरक्षण हो रहा है, बल्कि स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में भी सुधार आ रहा है।
इस पहल के चलते अब कई किसान वर्ष में दो फसलें लेने में सक्षम हो गए हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है। साथ ही, क्षेत्र में जल प्रबंधन की स्थिति भी बेहतर हुई है। एसईसीएल का यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि समावेशी विकास का भी एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।

Post a Comment

0 Comments