बिलासपुर 12 जनवरी 2026।बिलासपुर यातायात सुरक्षा माह चल रहा है। मंचों से भाषण, पोस्टरों पर नियम, सोशल मीडिया पर अपील और जमीनी हकीकत सब अपने-अपने रास्ते पर दौड़ रहे हैं। इसी हकीकत का ताजा उदाहरण सरकंडा क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो में दिखता है, जहां एक बुलेट पर सवार तीन युवक बेखौफ शहर की सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। न हेलमेट की चिंता, न नियमों का डर और न ही पुलिस का कोई खौफ।कमाल की बात यह है कि युवकों ने ऑनलाइन चालानी व्यवस्था को भी “चुनौती” देने का देसी जुगाड़ निकाल लिया नंबर प्लेट से नंबर ही गायब। यानी न रहेगा नंबर, न कटेगा चालान। यह दृश्य देखकर लगता है कि यातायात नियम अब सिर्फ कागजों, बैनरों और प्रेस विज्ञप्तियों तक सीमित रह गए हैं।
पुलिस अधिकारी युवाओं को नियमों का पाठ पढ़ा रहे हैं, लेकिन सड़कों पर नियमों की धज्जियां उड़ती दिख रही हैं। सवाल यह है कि अगर तीन सवारी और बिना नंबर प्लेट का वाहन शहर में खुलेआम घूम सकता है, तो फिर चेकिंग पॉइंट, पेट्रोलिंग और यातायात अमला आखिर कर क्या रहा है?एसएसपी रजनेश सिंह ने जरूर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और वीडियो सामने आने के बाद पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। लेकिन शहर के लोग यह पूछ रहे हैं कि क्या पुलिस को हर बार वीडियो वायरल होने का इंतजार रहेगा? क्या नियम सिर्फ आम आदमी के लिए हैं और सड़क पर “स्टंटबाजों” के लिए कानून आंख मूंद लेता है?यातायात सुरक्षा माह अगर इसी तरह चलता रहा, तो नियमों की सुरक्षा तो होगी नहीं—हाँ, नियम तोड़ने वालों का हौसला जरूर और मजबूत हो जाएगा।
0 Comments