बिलासपुर 05 जनवरी 2026।बिलासपुर स्व. ऊषा देवी भंडारी की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय रात्रिकालीन टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता बिलासपुर जिला खेल परिसर मैदान में पूरे रोमांच के साथ जारी है। प्रतियोगिता के आठवें दिन तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें दर्शकों को एकतरफा जीत के साथ बेहद रोमांचक मैच भी देखने को मिले।
पहला मुकाबला शौर्य इलेवन बिलासपुर और योद्धा इलेवन के बीच खेला गया। इस मैच के अतिथि जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एएसपी पंकज पटेल, एएसपी अनुज कुमार एवं सीएसपी निमितेश सिंह रहे। टॉस जीतकर योद्धा इलेवन ने पहले गेंदबाजी चुनी। शौर्य इलेवन ने 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 86 रन बनाए। जवाब में योद्धा इलेवन ने 9वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए अब्दुल शामद मैन ऑफ द मैच बने।
दूसरा मैच वायसीसी इलेवन और स्ट्रीमीफाई रायपुर के बीच खेला गया। स्ट्रीमीफाई रायपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। बिट्टू ने मात्र 13 गेंदों में 47 रन की तूफानी पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।
तीसरे मुकाबले में योद्धा इलेवन ने वायसीसी इलेवन को एकतरफा मैच में 7 विकेट से हराया। वायसीसी की पूरी टीम मात्र 20 रन पर सिमट गई। योद्धा इलेवन के गेंदबाज फजल ने 4 विकेट लेकर मैच पर पूरी तरह कब्जा जमाया और मैन ऑफ द मैच बने।
आयोजन समिति के प्रमुख ईशान भंडारी ने बताया कि यह प्रतियोगिता पिछले 13 वर्षों से उनकी स्वर्गीय माता की स्मृति में आयोजित की जा रही है। इस वर्ष विजेता टीम को 11,11,111 रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। साथ ही लाइव स्क्रीन, यूट्यूब प्रसारण, थर्ड अंपायर और आतिशबाजी जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
0 Comments