बिलासपुर सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चोरभट्ठी कला में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। चोरभट्ठी खुर्द के पूर्व सरपंच पति मनबोध यादव की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी है। गुरुवार सुबह उनका शव तालाब की मेढ़ पर खून से लथपथ अवस्था में मिला, जिसे देखकर ग्रामीण दंग रह गए।
परिजनों के अनुसार मनबोध यादव बुधवार रात लगभग 8 बजे स्कूटी से घर से निकले, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। सुबह जब उनकी खोजबीन शुरू हुई तो उनका शव चोरभट्ठी कला के एक मुर्गा फार्म हाउस के पीछे मिला। यह स्थान अक्सर शराब पीने वालों के जमावड़े के लिए जाना जाता है। घटनास्थल से शराब की बोतलें, डिस्पोजल ग्लास और अन्य सामान मिलने से इस बात की आशंका गहराती है कि मृतक के साथ मौजूद ही किसी व्यक्ति ने विवाद के दौरान इस वारदात को अंजाम दिया।
फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण सबूत जुटाए जा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक की स्कूटी को भी हत्या के बाद तालाब में फेंक दिया गया, जिसे निकालने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता की संभावना है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस बीच सकरी पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। निर्मम हत्या से गांव में तनाव और आक्रोश व्याप्त है, और ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
0 Comments