बिलासपुर 13 दिसंबर 2025।बिलासपुर छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 50 बैरिस्टर छेदीलाल नगर अंतर्गत ओम विहार में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नवीन सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने वार्डवासियों को विकास की सौगात देते हुए निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, विधायक प्रतिनिधि उमेश गौरहा, वार्ड पार्षद जय वाधवानी, मंडल अध्यक्ष हरिओम कश्यप सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सड़क, पानी, बिजली और स्वच्छता जैसी सुविधाएं मिल सकें।

वार्ड पार्षद जय वाधवानी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने क्षेत्र को नगर निगम में शामिल तो किया, लेकिन विकास कार्यों को लेकर जनता को निराश किया। भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार ने सत्ता में आते ही विकास को प्राथमिकता दी है और वार्ड को स्मार्ट बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

वार्डवासियों ने भाजपा सरकार और पार्षद जय वाधवानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण का वादा समय से पहले पूरा किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और आवागमन सुगम बनेगा।