बिलासपुर 02 अक्टूबर 2025।बिलासपुर विजया दशमी के पावन पर्व पर गुरुवार को सकरी थाना परिसर में विधि-विधान से शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में थाना परिसर के समस्त पुलिसकर्मियों ने परंपरा का पालन करते हुए शस्त्रों की पूजा-अर्चना की है।
कार्यक्रम में पुलिस जवानों ने अपनी-अपनी ड्यूटी से जुड़े शस्त्रों को साफ-सुथरा कर उन्हें फूल, धूप और नारियल से सजाकर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने कहा कि पुलिस जवान वर्ष के 365 दिन, चौबीसों घंटे जनता की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं। अपने घर-परिवार से दूर रहकर भी जवान पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य करते हैं। वे न केवल अपराधियों से मुकाबला करते हैं, बल्कि संकट की घड़ी में आम नागरिकों की सुरक्षा और सेवा में भी सदैव आगे रहते हैं।उन्होंने आगे कहा कि शस्त्र पूजा का पर्व हमें कर्तव्यनिष्ठा, वीरता और धर्म की रक्षा की प्रेरणा देता है। विजयदशमी असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है और इसी भावना से पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हैं।
सकरी थाना प्रभारी ने रावण दहन कार्यक्रम के दौरान शहरवासियों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि त्योहार के अवसर पर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।इस अवसर पर सकरी थाना के सभी पुलिस जवान मौजूद रहे। पूजा कार्यक्रम के बाद जवानों ने सुरक्षा और शांति के संकल्प के साथ अपनी ड्यूटी पर लौटकर विजया दशमी पर्व को सार्थक बनाया।
0 Comments