बिलासपुर 09 जनवरी 2024।बिलासपुर लोकमाता अहिल्यादेवी होलकर की त्रिशताब्दी के उपलक्ष्य में ग्राम नवागांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अहिल्यादेवी होलकर के व्यक्तित्व, कृतित्व और लोककल्याणकारी कार्यों से नई पीढ़ी को प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष हर्ष छावरिया थे। विशिष्ट अतिथियों में बजरंग दल के जिला संयोजक सागर पटेल, कार्यक्रम संयोजक जनार्दन श्रीवास, और शाला विकास समिति के अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और अतिथियों के स्वागत से हुई। कुमारी नंदिनी वासुदेव ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य वक्ता मथुरा सोनी ने अहिल्यादेवी होलकर के धार्मिक, सामाजिक, और सांस्कृतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक कुशल शासिका और आदर्श व्यक्तित्व के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के संदर्भ में उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। कुमारी नंदिनी उदय ने अहिल्यादेवी का हाथों से चित्र बनाया, जिसे मंच पर प्रदर्शित किया गया। साथ ही, चार छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से उनका सुंदर चित्र बनाया, जिसे अतिथियों ने सराहा।
मुख्य अतिथि हर्ष छावरिया ने अपने संबोधन में कहा, अहिल्यादेवी होलकर ने धर्म और लोककल्याण के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया। उनके कार्य आज भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए उनकी सराहना की।
विद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह पवार ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए इसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का माध्यम बताया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक देवेंद्र पाराशर ने ओजस्वी शैली में किया।
समारोह में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के अन्य सदस्य, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, और लगभग 250 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य ने सभी का आभार व्यक्त किया और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर कार्यक्रम का समापन किया।
0 Comments