बिलासपुर 14 अक्टूबर 2024।बिलासपुर केंद्रीय जेल में एक कैदी पर हमले की घटना ने जेल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल में बंद कैदी नवीन निर्मलकर पर नुकीली चीज से हमला हुआ, जिसके बाद उसके परिजनों ने जेल प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि जेल में अवैध वसूली का धंधा चल रहा है और कैदियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दुर्गा पंडाल के पास गया था आर्शीवाद लेने...
सिरगिट्टी पुलिस ने हाल ही में नशीली दवाओं की बिक्री के मामले में नवीन निर्मलकर को गिरफ्तार किया था। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेजा गया। नवीन के भाई तारण निर्मलकर ने बताया कि घटना के दिन जेल में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन हो रहा था। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान नवीन आशीर्वाद लेने गया था। उसी वक्त हत्या के आरोप में जेल में बंद लोकेश तिवारी ने उस पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। हमले में नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। तारण का आरोप है कि जेल प्रबंधन ने इस घटना के बाद हमलावर लोकेश तिवारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि घायल नवीन को ही दंडस्वरूप सेल में बंद कर दिया। इस फैसले से स्वजन में रोष है और उन्होंने इसे अन्याय करार दिया है।
जेल प्रबंधन पर लगाए गए आरोप...
तारण निर्मलकर ने आरोप लगाया है कि जेल प्रबंधन की मिलीभगत से जेल के अंदर कैदियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अपहरण के मामले में सजा काट रहे अनिल सिंह को जेल में विशेष छूट दी गई है। इसका फायदा उठाते हुए अनिल सिंह अन्य कैदियों को धमकाता है और उनसे अवैध वसूली करता है। तारण का यह भी दावा है कि अनिल सिंह की शह पर लोकेश तिवारी जैसे अन्य कैदी भी कमजोर कैदियों से मारपीट और दमन करते हैं।
तारण ने बताया कि जेल के अंदर माफियाओं की तरह काम कर रहे इन कैदियों के खिलाफ जेल प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल अधिकारियों की इस उदासीनता के कारण कैदियों की सुरक्षा खतरे में है और जेल के अंदर कानून का पालन ठीक से नहीं हो रहा है।
कलेक्टर से की शिकायत, जांच की मांग...
नवीन के भाई तारण निर्मलकर ने इस मामले को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जेल में कैदियों की सुरक्षा की अनदेखी हो रही है और जेल के अंदर अवैध गतिविधियां हो रही हैं, जिनमें जेल प्रबंधन भी संलिप्त है। तारण ने यह भी मांग की है कि नवीन पर हमला करने वाले लोकेश तिवारी और उसे शह देने वाले अनिल सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, जेल में हो रही अवैध वसूली और मारपीट की घटनाओं की जांच कर दोषियों को सजा दी जाए।
जेल के अंदर सुरक्षा पर उठ रहे सवाल...
जेल के अंदर ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था और कैदियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती हैं। वहीं, नवीन के परिजनों का आरोप है कि अगर इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो वे इस मुद्दे को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। जेल में यह घटना जेल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करती है। कैदियों के स्वजन ने इस घटना को लेकर गहरी चिंता जताई है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय दिलाएगा।
0 Comments