बिलासपुर 19 अक्टूबर 2026।मुंगेली नवरात्रि के पावन अवसर पर मुंगेली पुलिस ने धार्मिक आयोजनों को जनजागरूकता का माध्यम बनाते हुए साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में संचालित साइबर जागरूकता अभियान ‘पहल’ के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने और महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया,इसी कड़ी में थाना जरहागांव क्षेत्र के ग्राम सेमरचुवा स्थित मां महामाया मंदिर में मुंगेली पुलिस की टीम ने कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया, इस दौरान मां महामाया के दर्शन कर कन्याओं का पूजन किया गया और उन्हें भोज कराया गया। धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन के साथ पुलिस ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए साइबर सुरक्षा का संदेश भी दिया,पुलिस टीम ने रूमाल के माध्यम से लोगों और बच्चियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया, ‘पहल’ अभियान के संदेश ‘बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ के जरिए आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचने और डिजिटल गतिविधियों में सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया गया है।
जगराता में 400 लोगों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश
इसी तरह थाना फास्टरपुर क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुरी में छत्तीसगढ़ी गायक संतोष यादव की टीम द्वारा आयोजित जगराता कार्यक्रम में भी साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया, इस दौरान लगभग 400 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए, पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन ठगी के प्रति सजग रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करने का संदेश दिया,कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘अभिव्यक्ति’ ऐप की जानकारी भी दी गई,पुलिस ने ऐप के उपयोग के बारे में बताते हुए लोगों को इसके प्रति जागरूक किया, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं सुरक्षा संबंधी सहायता प्राप्त करने के लिए इसका उपयोग कर सकें।
धार्मिक आयोजनों के जरिए जनजागरूकता
मुंगेली पुलिस का ‘पहल’ अभियान धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के माध्यम से आमजन तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाने की दिशा में प्रयासरत है। पुलिस का उद्देश्य लोगों को जागरूक बनाकर ऑनलाइन ठगी से बचाना और महिलाओं एवं बच्चियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में जनभागीदारी बढ़ाना है। नवरात्रि के दौरान आस्था के साथ सुरक्षा का संदेश देकर पुलिस ने साइबर जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने की पहल की है।
0 Comments