Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

एसईसीएल के 33 सुरक्षा प्रहरी प्रशिक्षित, निदेशक बिरंची दास ने कहा ‘वर्दी पहचान ही नहीं, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक’...



बिलासपुर 15 अक्टूबर 2026।बिलासपुर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में शुरू किए गए ‘एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी’ बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम बैच का प्रशिक्षण गुरुवार, 15 अक्टूबर को पूर्ण हो गया,मानव संसाधन संस्थान, इंदिरा विहार, बिलासपुर में आयोजित समापन समारोह में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए,इस दौरान प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 33 प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया।


एसईसीएल सुरक्षा प्रहरी कार्यक्रम के प्रथम बैच में शामिल 33 प्रशिक्षुओं ने लगभग एक माह का बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया 16 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कंपनी की नीतियों एवं नियमों, सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं, हथियार संचालन तथा शारीरिक और मानसिक दक्षता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई, प्रशिक्षण का उद्देश्य सुरक्षा प्रहरियों को आवश्यक कौशल, अनुशासन, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा से सुसज्जित करना रहा, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।

‘वर्दी आपके चरित्र और अनुशासन का प्रतीक’

समापन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई दी, उन्होंने कहा कि वर्दी केवल सामान्य वस्त्र नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति की पहचान के साथ उसके चरित्र, अनुशासन और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपेक्षा की कि वे अपने आचरण में संयम, व्यवहार में शालीनता और निर्णय लेने में विवेक बनाए रखें, उन्होंने सुरक्षा संबंधी दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ करने का संदेश दिया।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि बिरंची दास ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया,इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन/सुरक्षा) श्री सुवंकर परिड़ा, महाप्रबंधक (एचआरडी) बी.सी. सेठी, सुरक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट कमांडर बी. दक्षिणामूर्ति सहित अधिकारी, प्रशिक्षक एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे,एसईसीएल का ‘सुरक्षा प्रहरी’ कार्यक्रम कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत, सतर्क और प्रभावी बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षित सुरक्षा प्रहरी अपने कौशल, अनुशासन और जिम्मेदारी के माध्यम से कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान देंगे।

Post a Comment

0 Comments