बिलासपुर, 7 सितंबर 2026। बिलासपुर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने बड़ी पहल की है। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के प्रयासों से बिलासपुर प्रेस क्लब और अपोलो हॉस्पिटल के बीच एमओयू साइन हुआ है। इसके तहत प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों और उनके परिजनों को अपोलो में उपचार की सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ और किफायती बनाने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच गंभीर बीमारी की स्थिति में महंगे इलाज का खर्च पत्रकारों के परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में प्रेस क्लब और अपोलो के बीच हुआ यह समझौता पत्रकारों के लिए राहत की बड़ी पहल माना जा रहा है।
जल्द लगेगा मेगा हेल्थ कैंप
एमओयू के बाद प्रेस क्लब और अपोलो प्रबंधन के सहयोग से पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने की योजना है। इससे पत्रकार और उनके परिजन समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच करा सकेंगे।
हेल्थ इंश्योरेंस की तैयारी अंतिम चरण में
प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। बीमा कंपनियों के साथ बातचीत अंतिम चरण में है। प्रस्तावित योजना में पत्रकारों के साथ उनके परिजनों को भी शामिल किए जाने की तैयारी है। इससे भविष्य में बड़े चिकित्सा खर्च से परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।अध्यक्ष अजीत मिश्रा के कार्यकाल में पत्रकार हित से जुड़ी इस पहल को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। एमओयू के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार शादाब खान और सैय्यद जफर मौजूद रहे,प्रेस क्लब का कहना है कि पत्रकारों की जिम्मेदारी केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा भी संस्था की प्राथमिकता है।
0 Comments