बिलासपुर 12 जून 2026।बिलासपुर शहर में अवैध रूप से शराब परोसने और सेवन कराने के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकरभाठा रोड स्थित माहौल रेस्टोरेंट में दबिश दी,उड़नदस्ता टीम की इस कार्रवाई के दौरान एक कर्मचारी को ग्राहकों को शराब परोसते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि मौके पर पांच लोग शराब का सेवन करते मिले, सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(ए) और 36(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने माहौल रेस्टोरेंट के साथ-साथ कई अन्य ढाबों में भी जांच की,छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट परिसर में बिना वैध लाइसेंस के शराब परोसे जाने की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई,विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से शराब परोसने और सेवन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
हालांकि इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। खबर के अनुसार आबकारी विभाग ने कर्मचारी और शराब पीते पाए गए लोगों पर तो कार्रवाई की, लेकिन रेस्टोरेंट के संचालक अथवा प्रबंधन के खिलाफ क्या कदम उठाए गए, इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। इससे कार्रवाई की व्यापकता और जवाबदेही को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
वही सूत्रों का कहना है कि रायपुर रोड और आसपास के कई ढाबों व रेस्टोरेंटों में कारों में बैठकर शराब पीने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इससे सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताएं भी बढ़ रही हैं। लोगों का मानना है कि केवल उपभोक्ताओं या कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के बजाय अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले संचालकों पर भी सख्त कदम उठाए जाने चाहिए,वहीं, कार्रवाई के दौरान पकड़े गए लोगों के नाम सार्वजनिक नहीं किए जाने को लेकर भी पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि विभाग ऐसी कार्रवाइयों की पूरी जानकारी सार्वजनिक करे तो इससे अवैध शराब परोसने वालों के खिलाफ अधिक प्रभावी संदेश जाएगा और कानून का भय भी बना रहेगा।
0 Comments