बिलासपुर 18 जून 2026।बिलासपुर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए बिल्हा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बिल्हा थाना पुलिस ने क्षेत्र में अवैध उगाही, मारपीट और दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी चकरभाठा और बिल्हा क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर क्रेशर में चलने वाले ट्रक चालकों से अवैध रूप से पैसे वसूल रहा था। विरोध करने पर वाहन चालकों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोपी ग्राम पंचायत दुर्गडीह के सामने टेंट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोकता और उनकी रॉयल्टी जांचने के नाम पर दबाव बनाता था। इतना ही नहीं, वह खुलेआम यह भी कहता था कि शासन-प्रशासन उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता,
मामले की शिकायत वार्ड क्रमांक 12 बिल्हा निवासी महेश शर्मा ने थाना बिल्हा में दर्ज कराई,शिकायत में बताया गया कि 16 जून को आरोपी सत्या, उसके भाई दिलेश घृतलहरे तथा अन्य साथियों ने ट्रक चालक पुन्नू यादव और मोनू राजपाल के साथ मारपीट कर अवैध उगाही की कोशिश की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई,मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ अवैध उगाही और मारपीट की घटना स्वीकार कर ली,
पुलिस ने घटनास्थल से टेंट और कुर्सियां भी जब्त की हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आसपास के गांवों में राहत और शांति का माहौल है। वहीं पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
0 Comments