बिलासपुर 14 जून 2026।बिलासपुर विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर बिलासपुर प्रेस क्लब द्वारा शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, इस अवसर पर पत्रकारों, उनके परिजनों, प्रशासनिक अधिकारियों, कलाकारों, समाजसेवियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया, शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा,
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता निभाई। कई लोगों ने पहली बार रक्तदान किया और इसे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी बताया,पूरे आयोजन के दौरान सेवा, समर्पण और मानवता की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली,प्रेस क्लब के सचिव संदीप करिहार ने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है,
बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, लेकिन सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में प्रत्यक्ष भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। रक्तदान शिविर इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता ही सबसे बड़ी उम्मीद बनते हैं। प्रेस क्लब भविष्य में भी जनहित और समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा,प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की,इस अवसर पर गनियारी के नायब तहसीलदार ओम प्रकाश चंद्रवंशी ने छठवीं बार रक्तदान किया,उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है और स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए,अभिनेता अखिलेश पांडेय, समाजसेवी बिंदु कछवाहा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया,शिविर के अंत में सभी रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। आयोजन को सफल बनाने में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और किसी जरूरतमंद के लिए किया गया रक्तदान अमूल्य जीवनदान साबित हो सकता है।
0 Comments