बिलासपुर 01 जून 2026।बिलासपुर नगर निगम ने शहर में अवैध प्लॉटिंग, बेजा कब्जा और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को सकरी क्षेत्र में निगम की टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को निशाने पर लिया, इस दौरान बड़े बिल्डरों पर भी कार्रवाई होने से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही है।
नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सकरी क्षेत्र में नियमों को दरकिनार कर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। शिकायतों की जांच के बाद निगम आयुक्त के निर्देश पर निगम अमला भारी पुलिस बल और मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचा और कार्रवाई शुरू की,कार्रवाई का सबसे बड़ा केंद्र सैदा रोड स्थित चमन गोल्ड कॉलोनी रही, जहां प्रोपराइटर अनूप चड्ढा द्वारा लगभग 3.50 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही कॉलोनी पर निगम ने कार्रवाई की है
निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित परियोजना में आवश्यक स्वीकृतियों और वैधानिक प्रक्रियाओं के पालन को लेकर गंभीर आपत्तियां सामने आई थीं। लंबे समय से अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्य की शिकायतें मिलने के बाद निगम ने यह कदम उठाया है।
निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से विकसित किए गए हिस्सों को चिन्हित किया और निर्माण कार्यों पर कार्रवाई शुरू की,अधिकारियों का कहना है कि शहर में बिना अनुमति कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी,
इसी अभियान के तहत सकरी क्षेत्र में शासकीय भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, निगम की टीम ने संजय भार्गव द्वारा सरकारी जमीन पर बनाई गई नींव को तोड़ने की कार्रवाई की,इसके लिए निगम का पूरा अमला सुबह से ही मौके पर तैनात रहा,नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर में अवैध प्लॉटिंग और अतिक्रमण के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध निर्माण, बेजा कब्जा और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, चाहे संबंधित व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
0 Comments