बिलासपुर 14 जनवरी 2026।बिलासपुर शहर कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शहर ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। इस क्रम में शहर कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक-एक का अध्यक्ष इमलीपारा निवासी संतोष गर्ग को नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और समर्थकों ने इसे संगठन के लिए सकारात्मक फैसला बताया है।
इसके साथ ही पार्टी ने अन्य ब्लॉकों की जिम्मेदारी भी नए चेहरों को सौंपी है। तजम्मुल हक, हितेश देवांगन और साकेत मिश्रा को अलग-अलग ब्लॉकों का अध्यक्ष बनाया गया है। इन नियुक्तियों को संगठनात्मक संतुलन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को देखते हुए किया गया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि नए अध्यक्ष जमीनी स्तर पर कांग्रेस को और अधिक मजबूत करेंगे। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशभर में 307 ब्लॉक अध्यक्षों की जंबो सूची जारी की है, जिसमें शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के अध्यक्ष शामिल हैं। इस सूची को एआईसीसी की मंजूरी प्राप्त है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सूची तैयार करते समय वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय नेतृत्व और सक्रिय कार्यकर्ताओं की राय को भी प्राथमिकता दी गई है, ताकि संगठन में संतुलन और ऊर्जा बनी रहे।
संतोष गर्ग की नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए कहा कि वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में ब्लॉक स्तर पर संगठन को नई दिशा मिलेगी और आगामी चुनावों की तैयारी को मजबूती मिलेगी। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और जमीनी मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात कही।
0 Comments