बिलासपुर 03 जनवरी 2025।बिलासपुर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रेम सेवा समिति परिवार के तत्वावधान में नानी बाई का मायरा त्रिदिवसीय कथा एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 9 जनवरी से 11 जनवरी तक मिनोचा कॉलोनी गार्डन के समीप आयोजित होगा। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगा।
इस विशाल आयोजन को लेकर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। लगभग पौने दो लाख स्क्वेयर फीट क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए बैठक व्यवस्था की गई है, वहीं सुरक्षा और पार्किंग की भी बेहतर एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम की विशेष बात यह है कि इसमें विश्वविख्यात कथा वाचक जया किशोरी तीनों दिन नानी बाई के मायरा की मार्मिक कथा एवं सुमधुर भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। उनकी कथा शैली और भजनों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय बनने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कथा स्थल तक पहुंचने के लिए निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रवेश के लिए कुल चार गेट बनाए गए हैं, जिनमें से एक गेट वीआईपी अतिथियों के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि आम श्रद्धालुओं के लिए कोई पास व्यवस्था नहीं रखी गई है।
इस आयोजन को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम का पूर्ण सहयोग प्राप्त है, जिससे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सफल बनाने की तैयारी की गई है। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
0 Comments