बिलासपुर 03 नवंबर 2026।बिलासपुर कोयला खनन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की पांच खदानों ने राष्ट्रीय स्तर पर फाइव स्टार सम्मान हासिल किया है। इनमें चार भूमिगत और एक ओपनकास्ट खदान शामिल हैं। भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन के आधार पर रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह 2026 में इन खदानों को सम्मानित किया गया।
समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने देश की 50 पांच सितारा खदानों को पुरस्कार प्रदान किए। इनमें 15 भूमिगत और 35 ओपनकास्ट खदानें शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने कोयला क्षेत्र में उत्कृष्टता, सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की आवश्यकता पर जोर देते हुए जिम्मेदार खनन पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया है।
एसईसीएल की जिन पांच खदानों को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है, उनमें भूमिगत श्रेणी की बंगवार, खैराहा, बहेराबांध और विजय वेस्ट खदान शामिल हैं। वहीं ओपनकास्ट श्रेणी में जगन्नाथपुर खदान ने फाइव स्टार रेटिंग हासिल की है। चार भूमिगत खदानों का सम्मानित होना विशेष उपलब्धि है। यह सुरक्षित खनन, परिचालन दक्षता और पर्यावरणीय मानकों के पालन की दिशा में कंपनी के प्रयासों को दर्शाता है।
छत्तीसगढ़ की अन्य पुरस्कृत खदानों में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड की गेरे पेलमा सेक्टर-III कोल माइन तथा पारसा केंटे कोलियरीज लिमिटेड की पारसा ईस्ट एंड कांटा बासन ओपनकास्ट कोल माइन भी शामिल हैं।
स्टार रेटिंग योजना के तहत खदानों का मूल्यांकन उत्पादन एवं उत्पादकता, परिचालन दक्षता, तकनीकी नवाचार, श्रमिकों की सुरक्षा, पर्यावरण प्रबंधन, सतत विकास और स्थानीय समुदायों के कल्याण जैसे विभिन्न मानकों पर किया जाता है। मूल्यांकन एवं सत्यापन की प्रक्रिया कोयला नियंत्रक संगठन द्वारा नियुक्त समीक्षकों के माध्यम से पूरी की जाती है।
समारोह में कोयला मंत्रालय के अपर सचिव सानोज कुमार झा, कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बी. साईराम तथा कोयला नियंत्रक सतीश कुमार सहित मंत्रालय और विभिन्न कोयला कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
स्टार रेटिंग प्रणाली का उद्देश्य खदानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और सुरक्षित, वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल खनन को प्रोत्साहित करना है। एसईसीएल की पांच खदानों को मिला यह सम्मान कंपनी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
0 Comments