बिलासपुर 05 नवंबर 2026।बिलासपुर नशे के सौदागरों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की मुहिम अब दूसरे राज्यों तक पहुंच गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में ACCU बिलासपुर और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के अमृतसर में दबिश देकर हेरोइन (चिट्टा) के अंतरराज्यीय मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40) को गिरफ्तार किया है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में एएसआई राजेश धर दीवान की भूमिका भी सराहनीय रही टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा सकरी थाना क्षेत्र में हुई एक गिरफ्तारी के बाद हुआ। 24 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास से दीपक वालिया (32), निवासी अमृतसर, हाल मुकाम उसलापुर बिलासपुर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई, और 10,500 रुपये नकद बरामद किए गए थे। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
दीपक वालिया से पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि बिलासपुर में चिट्टे की सप्लाई के पीछे अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू का नेटवर्क सक्रिय है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम पंजाब रवाना की गई और घेराबंदी कर मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, एएसआई राजेश धर दीवान तथा आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही, खासतौर पर एएसआई राजेश धर दीवान सहित टीम के सदस्यों ने विवेचना और कार्रवाई में सक्रिय योगदान दिया है।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा,एंड-टू-एंड विवेचना के जरिए सप्लायर से लेकर स्थानीय नेटवर्क तक पूरी श्रृंखला का पर्दाफाश कर नशे के इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने की कार्रवाई जारी रहेगी।
0 Comments