Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

26 साल की परंपरा का भव्य आगाज, तोरवा छठ घाट पर पूजा कार्यालय का शुभारंभ, 13 नवंबर से गूंजेंगे छठी मैया के जयकारे...


बिलासपुर 01 नवंबर 2026।बिलासपुर संस्कारधानी बिलासपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अरपा नदी के तोरवा छठ घाट पर रविवार, 1 नवंबर को मंगलाचरण और छठी मैया के जयघोष के बीच छठ पूजा समिति के कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया, समाज के वरिष्ठजनों ने पारंपरिक पूजा-अर्चना कर आयोजन का श्रीगणेश किया। इसके साथ ही छठ महापर्व 2026 की तैयारियों ने गति पकड़ ली है।


बिलासपुर में पिछले 26 वर्षों से पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के सहयोग से सामूहिक रूप से छठ महापर्व मनाया जा रहा है। समय के साथ यह आयोजन किसी एक समाज तक सीमित न रहकर पूरे शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। तोरवा छठ घाट को एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित स्थायी छठ घाट के रूप में भी पहचान मिली है।

दिवाली के बाद तेज होगा तैयारियों का दौर

कार्यालय शुभारंभ के साथ ही समिति ने सदस्यों और पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन किया, घाट की सफाई, रंग-रोगन, पुल की पुताई, सजावट और विद्युत व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू की जा रही हैं। समिति का कार्यालय प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 7 बजे तक खुला रहेगा,यहां स्थानीय और बाहर से आने वाले छठव्रतियों को आयोजन एवं व्यवस्थाओं की जानकारी मिलेगी।

13 नवंबर को अरपा महाआरती, 16 को समापन

इस वर्ष चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। इसी दिन मां अरपा की महाआरती होगी,14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य तथा 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।

हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ेगी भीड़

संध्या और प्रातः अर्घ्य के दौरान अरपा तट पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। स्थानीय नागरिकों की बढ़ती भागीदारी ने इस पर्व को पूरे शहर का उत्सव बना दिया है। सूप, फल, दीपों की रोशनी और पारंपरिक छठ गीतों से घाट भक्तिमय हो उठता है।

समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा, सचिव विनोद सिंह, डॉ. धर्मेंद्र कुमार दास, सुधीर झा, ए.के. कंठ, लव कुमार ओझा, राम प्रताप सिंह, रौशन सिंह, धनंजय झा, प्रशांत सिंह, हरिशंकर कुशवाहा, दिलीप चौधरी, राकेश दीक्षित, डॉ. कुमुद रंजन सिंह सहित पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, संरक्षक मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन कार्यालय शुभारंभ अवसर पर उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments