बिलासपुर 21 जुलाई 2026।बिलासपुर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य संघ ने बिलासपुर के वरिष्ठ स्काउटर राजेश सोंथालिया को संगठन का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपते हुए सहायक राज्य आयुक्त (स्काउट) नियुक्त किया है। राज्य मुख्यालय रायपुर से 20 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी,स्काउट आंदोलन में वर्षों से दिए गए उनके समर्पित योगदान, संगठनात्मक दक्षता और सेवा भावना को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश के स्काउट एवं गाइड परिवार में उत्साह का माहौल है।
राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि यह नियुक्ति भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की रूल्स बुक के चैप्टर-III के नियम 78 (78.1) के तहत की गई है। सहायक राज्य आयुक्त के रूप में राजेश सोंथालिया प्रदेशभर में स्काउट गतिविधियों के संचालन, प्रशिक्षण, संगठन के विस्तार और युवा नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे,राजेश सोंथालिया लंबे समय से स्काउट आंदोलन के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने बच्चों और युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य किया है। शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण तथा सामाजिक सरोकार से जुड़े अनेक कार्यक्रमों में उनकी उल्लेखनीय भागीदारी रही है। उनके नेतृत्व और कार्यशैली ने उन्हें प्रदेश स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।
स्काउटिंग के क्षेत्र में उनका योगदान केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने नई पीढ़ी को सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का भी सफल प्रयास किया है। संगठन के पदाधिकारियों का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में स्काउट आंदोलन को नई ऊर्जा, नई दिशा और व्यापक विस्तार मिलेगा,राज्य मुख्यालय द्वारा जारी नियुक्ति आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय, जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर, जिला मुख्य आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेज दी गई है।
राजेश सोंथालिया की इस उपलब्धि पर बिलासपुर के सामाजिक, शैक्षणिक और स्काउट-गाइड जगत में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, स्काउट मास्टर्स और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि वे अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और समर्पण से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनकी नियुक्ति को न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि पूरे बिलासपुर जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय माना जा रहा है।
0 Comments