Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

राजकिशोर नगर में ज्वेलर पर जानलेवा हमला, एक करोड़ के जेवर लूटकर फरार; वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की गैरहाजिरी में आईजी रामगोपाल गर्ग ने संभाली कमान...


बिलासपुर 17 फरवरी 2026।बिलासपुर राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार देर रात सनसनीखेज वारदात में बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यापारी पर जानलेवा हमला कर उनकी कार लूट ली। कार में करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर रखे थे। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राजकिशोर नगर निवासी संतोष तिवारी की बसंत विहार चौक स्थित वालिया कॉम्प्लेक्स में “महालक्ष्मी ज्वेलर्स” नाम से दुकान है। रोज की तरह वे दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पहले बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने हथौड़े और पिस्टल के बट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। 

गंभीर चोट लगने से व्यापारी लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद बदमाश उनकी कार लेकर फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी अपनी कार और एक बाइक मौके पर ही छोड़ गए, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी निमितेष सिंह और सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला जा रहा है।
एसएसपी रजनेश सिंह की गैरहाजिरी में आईजी रामगोपाल गर्ग स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संगठित तरीके से अंजाम दी गई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए ?????

Post a Comment

0 Comments