विलासपुर 21 जुलाई 2025।बिलासपुर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में नगर विधायक व पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश की कांग्रेस भूपेश बघेल के पुत्र मोह में फंसी हुई है और चैतन्य बघेल, जिनका कांग्रेस में कोई पद नहीं है, उनके लिए सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है।
अमर अग्रवाल ने कहा कि यह साफ संकेत है कि भूपेश बघेल ने पूरी कांग्रेस को अपने बेटे के बचाव में झोंक दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इतिहास में भी पुत्र मोह ने कई साम्राज्यों का विनाश किया है और भूपेश बघेल भी उसी राह पर बढ़ते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए जनता को गुमराह कर रही है और प्रदेश के आर्थिक संसाधनों को नुकसान पहुँचा रही है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा ने कई दस्तावेज जारी किए, जिसमें कोल ब्लॉक आवंटन, वन स्वीकृति, और पेड़ों की कटाई से जुड़े प्रमाण शामिल थे। अमर अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस और भूपेश बघेल कोयला आवंटन को लेकर झूठ फैला रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि खुद भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल में इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस बार-बार “चोरी और सीनाजोरी” का उदाहरण पेश कर रही है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने शराब घोटाला, पीएससी घोटाला, कोयला घोटाला, चावल और गोठान घोटाले में प्रदेश के संसाधनों का जमकर दुरुपयोग किया। अब जब इन मामलों में कार्रवाई हो रही है, कांग्रेस उसे राजनीति से प्रेरित बताकर भटका रही है।
अमर अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कोल ब्लॉक के मामले में भूपेश बघेल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मंत्री बी.डी. कल्ला के पत्रों पर कार्रवाई कर उन्हें खदानें आवंटित कीं। उन्होंने बताया कि 23 जून 2011 को कांग्रेस शासनकाल में तारा परसा ईस्ट और कांटे-बेसन कोल ब्लॉक खोलने का प्रस्ताव रखा गया,
16 अक्टूबर 2019 को पर्यावरण स्वीकृति की सिफारिश,
31 मार्च 2021 को गारे पेलमा सेक्टर-2 के लिए ओपन कास्ट खदान का समझौता,
19 अप्रैल 2022 और 23 जनवरी 2023 को स्टेज-1 और स्टेज-2 वन स्वीकृति की सिफारिश – ये सभी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए।
भाजपा नेता ने कहा कि भूपेश बघेल अब झूठे आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं, लेकिन जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूछा कि जब भूपेश बघेल खुद कहते थे कि "कोल ब्लॉक का विरोध करने वालों को अपने घर की बिजली बंद करनी चाहिए", तो क्या अब वह और कांग्रेस राजीव भवन व अपने घर की बिजली बंद करेंगे?
प्रेस वार्ता में अमर अग्रवाल ने कांग्रेस से तीन स्पष्ट सवाल पूछे
1. क्या कांग्रेस, मनमोहन सिंह सरकार के कोल ब्लॉक आवंटन पर देश से माफी मांगेगी?
2. क्या भूपेश बघेल अपने बयानों के अनुसार अब कांग्रेस दफ्तर की बिजली बंद करेंगे?
3. क्या कांग्रेस हर अपराधी के लिए इसी तरह सड़क पर उतरेगी, जैसे पूर्व सीएम के बेटे के लिए हुई?
अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दोहरे मापदंड और राजनीतिक स्वार्थ जनता के सामने उजागर हो चुके हैं। भाजपा का उद्देश्य तथ्यों के साथ सच्चाई को सामने लाना है और यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
0 Comments