बिलासपुर 12 अक्तूबर 2026।मुंगेली शारदीय नवरात्रि एवं विजयादशमी के पावन अवसर पर मुंगेली पुलिस ने जिले के समस्त नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षा, सतर्कता और जागरूकता का संदेश दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (IPS) की अपील के तहत पुलिस ने ‘पहल’ अभियान के माध्यम से लोगों से त्योहारों की खुशियां मनाने के साथ अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि आस्था और उत्साह के इस पर्व में भक्ति के साथ सुरक्षा भी हमारी पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।
साइबर ठगी से बचने सतर्कता जरूरी
मुंगेली पुलिस ने नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा है कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी (OTP), बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी या पासवर्ड किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके अलावा अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर भी विशेष सावधानी बरतें।
पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो घबराने या देर करने के बजाय तत्काल कार्रवाई करे। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। साथ ही, नजदीकी पुलिस थाने अथवा साइबर सेल से संपर्क कर घटना की जानकारी दें। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी की रकम को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ सकती है।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
त्योहारी दिनों में बाजारों, धार्मिक स्थलों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसे देखते हुए मुंगेली पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से बचने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि त्योहारों की खुशियां जिम्मेदारी के साथ मनाएं और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे स्वयं या दूसरों की सुरक्षा खतरे में पड़े।
सुरक्षित समाज के निर्माण में करें सहयोग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के संदेश के अनुरूप ‘पहल’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करना है। मुंगेली पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों को अपनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें,मुंगेली पुलिस का संदेश है,नवरात्रि और विजयादशमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सुरक्षित वातावरण में मनाएं,आपकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है, और सुरक्षित समाज के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
0 Comments