Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

माँ महामाया के जयकारों से गूँजी बेलतरा विधानसभा, तोखन साहू की मौजूदगी में भव्य ध्वजा यात्रा का शुभारंभ...

बिलासपुर, 11 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में माँ महामाया और श्री गिरजाबंध हनुमान लला के जयकारों के बीच भव्य ध्वजा यात्रा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ,विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए, पहले ही दिन विभिन्न ग्रामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूँज के बीच यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया, गिरजाबंध हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा रवाना हुई। पहला पड़ाव नवागांव रहा,इसके बाद ओछिनपारा चौक में रतनपुर मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यात्रा खैरखुंडी होते हुए सरवनदेवरी पहुँची, जहाँ सरपंच शकुंतला काछी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने ढोल-मांदर के साथ स्वागत किया। लखराम में भी ग्रामीणों के साथ कैवर्त और धीवर समाज के प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। इसके बाद यात्रा गड़वट और बाम्हू होते हुए टेकर पहुँची।


टेकर में माता के जगराते के साथ पहले दिन का समापन

टेकर में सचिन तिवारी की टीम ने माता का जगराता प्रस्तुत किया। भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए,विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि ध्वजा यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और जनएकता का महाअभियान है। विभिन्न समाजों और गाँवों की भागीदारी हमारी सांस्कृतिक परंपराओं की मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आभार जताया है।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं। उन्होंने इसे सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनभागीदारी की सराहनीय पहल बताया।

दूसरे दिन 14 पड़ावों से गुजरेगी यात्रा

सोमवार, 12 अक्टूबर को यात्रा टेकर से प्रारंभ होकर गिधौरी, नेवसा, उसराभांठा, जाली, बेलतरा, बेलपारा, सलखा, बरपाली, धोरामुड़ा, करमा, बसहा, गोपालपुर और भिल्ली होते हुए भांड़ी पहुँचेगी, जहाँ रात्रि विश्राम होगा।

विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में यह यात्रा बेलतरा विधानसभा की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से होकर माँ महामाया मंदिर, रतनपुर पहुँचेगी। अंतिम चरण में पवित्र ध्वजा अर्पित की जाएगी। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments