Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

Responsive Advertisement

स्क्रैप निपटान से एसईसीएल ने कमाए ₹26.17 करोड़, स्पेशल कैंपेन-6 में कई लक्ष्य पार...


बिलासपुर, 29 अक्टूबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने स्पेशल कैंपेन-6 के तहत स्वच्छता, स्क्रैप निपटान, रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अभियान के दौरान कंपनी ने कई निर्धारित लक्ष्यों को पार करते हुए संसाधनों के बेहतर उपयोग और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। एसईसीएल ने 225 स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने के लक्ष्य के मुकाबले 226 स्थलों पर अभियान चलाया। वहीं, 40 लाख वर्गफुट क्षेत्र की सफाई के निर्धारित लक्ष्य को पीछे छोड़ते हुए 47 लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्र में स्वच्छता कार्य किया गया।

अभियान के तहत एसईसीएल ने 3,300 मीट्रिक टन स्क्रैप निपटान के लक्ष्य के विरुद्ध 4,602 मीट्रिक टन स्क्रैप का निपटान किया। इससे कंपनी को लगभग 26.17 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि अनुपयोगी सामग्री के व्यवस्थित निपटान, संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल और कार्यस्थलों के बेहतर प्रबंधन को दर्शाती है। रिकॉर्ड प्रबंधन के क्षेत्र में भी एसईसीएल ने निर्धारित लक्ष्यों से अधिक उपलब्धि हासिल की है। 500 भौतिक फाइलों की समीक्षा के लक्ष्य के मुकाबले 2,100 फाइलों की समीक्षा की गई, जबकि 200 के लक्ष्य के विरुद्ध 872 फाइलों की नियमानुसार छंटनी की गई,इसी तरह, 7,000 ई-फाइलों की समीक्षा के लक्ष्य के मुकाबले 14,215 ई-फाइलों की समीक्षा हुई। वहीं, 3,000 ई-फाइलों के निस्तारण के लक्ष्य के विरुद्ध 13,708 ई-फाइलों का निपटारा किया गया। इससे प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने और लंबित मामलों को कम करने में मदद मिल रही है।

एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर सहित विभिन्न संचालन क्षेत्रों में ई-वेस्ट संग्रहण और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। मुख्यालय में पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जमा करने के लिए विशेष संग्रहण बिन स्थापित किया गया है, जिसका निर्माण भी अनुपयोगी सामग्री से किया गया है। यह ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा को प्रोत्साहित करता है। उल्लेखनीय है कि स्पेशल कैंपेन-6 का क्रियान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक जारी है। इसके माध्यम से एसईसीएल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।

Post a Comment

0 Comments